अलवर , मार्च 12 -- राजस्थान के अलवर जिले में इन दिनों रसोई गैस सिलेंडर को लेकर आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। कई लोग घंटों लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर हो रहे हैं, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
मालवीय नगर स्थित गैस एजेंसी पर हालात ऐसे नजर आए कि एजेंसी खुलने से पहले ही बड़ी संख्या में लोग गैस लेने के लिए पहुंच गए और लंबी कतारें लग गईं। लोगों का कहना है कि वे दो-तीन दिन पहले गैस की बुकिंग करवाते हैं, लेकिन बुकिंग दर्ज नहीं हो पा रही है या समय पर सिलेंडर की डिलीवरी नहीं मिल रही। मजबूरन उन्हें सीधे एजेंसी पर आकर लाइन में लगना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि एजेंसी पर पहुंचने के बाद भी उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाती कि गैस कब उपलब्ध होगी। कई लोग घंटों इंतजार करने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिलने से निराश होकर लौट जाते हैं।
स्थिति को देखते हुए संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस भी मौके पर पहुंची और गैस एजेंसियों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए लोगों को समझाया।
प्रशासन ने कहा है कि अलवर जिले में रसोई गैस की पर्याप्त व्यवस्था है और गैस की आपूर्ति में किसी तरह की कमी नहीं है। इसके बावजूद शहर में गैस को लेकर लोगों की चिंता कम होती नजर नहीं आ रही है और एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लगातार बनी हुई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित