अलवर , मार्च 21 -- रमजान महीने के अंतिम जुम्मा अलविदा हाेने के बाद शनिवार को राजस्थान में अलवर जिले में ईद का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर अलवर के नया बास स्थित ईदगाह पर ईद की नमाज पढ़ी गई और देश की बहबूदी की कामना की गई। ईदगाह के इमाम मौलाना मोहम्मद अमजद ने इस अवसर पर सुबह पौने नौ बजे ईद की नमाज अदा कराई।
मौलाना अमजद ने कहा कि एक महीने तक रोजे रखे गए। आज खुशी का पर्व है और इस खुशी पर शामिल होने के लिए हमारे विपक्ष के नेता टीकाराम जूली, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत, पूर्व जिला अध्यक्ष योगेश मिश्रा सहित कई हिंदू भाई यहां आए हैं जिन्होंने हमारी खुशी को दुगुना किया है और एक दूसरे के गले मिलकर हमने खुशी का इजहार किया है ।
श्री जूली ने ईद पर सभी को मुबारकबाद देते हुए कहा कि यह प्यार मोहब्बत का पैगाम देने वाला त्योहार है और यही भारत की खूबसूरती है कि आज ईद है, नवरात्र चल रहे है आज ही गणगौर का पर्व भी है और संविधान ने हम सभी को बराबरी का अधिकार दिया है कि हम सब मिलकर एक दूसरे के पर्व को मनाएं। इन पर्वों के माध्यम से ही सामाजिक ताना-बाना और सौहार्द बना रहता है। उन्होंने सभी के खुशहाली की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित