अलवर , फरवरी 06 -- भारत में बाघ एवं पर्यावरण संरक्षण बढ़ाने के उद्देश्य से राजस्थान में अलवर में आठ फरवरी को अलवर सांसद खेल उत्सव के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर का 'अलवर टाइगर मैराथन' का आयोजन किया जा रहा है।
वी-शक्ति संस्थापक प्रज्ञा यादव ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि इस मैराथन में दुनिया के कई देशों सहित देशभर से ख्याति-प्राप्त धावक भाग ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की अलवर टाइगर मैराथन में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा होंगे और विशिष्ट अतिथि उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी होंगी। उन्होंने बताया कि अलवर आठ फरवरी को विकास और वन संरक्षण की एक अनूठी दौड़ लगाएगा।
प्रज्ञा यादव ने बताया कि मैराथन में 18 हजार 500 से अधिक धावक शामिल होंगे। पिछले वर्ष की अपेक्षा यह 100 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की टाइगर मैराथन का आयोजन अलवर वासियों के लिए गौरव के क्षण लेकर आया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित