अलवर , फरवरी 08 -- राजस्थान में अलवर में रविवार को 21 किलोमीटर की 'अलवर अलवर टाइगर मैराथन' को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सुबह छह बजे झंडी दिखाकर रवाना किया।
श्री शर्मा सुबह साढ़े पांच बजे प्रताप ऑडिटोरियम के समीप बने मंच पर पहुंच गए। उन्होंने धावकों का उत्साह वर्धन करते हुए गोवर्धन जी महाराज, बंसी वाले की और श्रीनाथजी के जयकारे का उद्घोष लगाया और सभी धावकों को अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। इससे पहले भारत में बाघ एवं पर्यावरण संरक्षण और अलवर के पर्यटन को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से अलवर में सुबह छह बजे प्रताप ऑडिटोरियम से अंतरराष्ट्रीय स्तर की 'अलवर टाइगर मैराथन' दौड़ शुरू हुई। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव , उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, मैराथन के ब्रांड एंबेसडर रणदीप हुड्डा, राजस्थान के वन राज्यमंत्री संजय शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
इस मैराथन में करीब 18 हजार 500 से अधिक धावक दौड़ रहे हैं। इसमें नौ देशों सहित भारत के दस राज्यों के धावक शामिल हैं। इसके अलावा इसमें सेना, सीमा सुरक्षा बल सहित कई अर्द्धसैनिक बलों के जवान भी बड़ी संख्या में शामिल हैं। इसमें 21 किलोमीटर 10 किलोमीटर और पांच किलोमीटर की मैराथन दौड़ है, जबकि दो किलोमीटर की पैरा रन (व्हीलचेयर) दौड़ हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित