अलवर , जनवरी 20 -- राजस्थान में अलवर के जिला खनिज प्रतिष्ठान न्यास (डीएमएफटी) की प्रशासनिक परिषद द्वारा अनुमोदित जिले के खनन प्रभावित क्षेत्रों एवं व्यक्तियों के लाभ के लिए 28 करोड़ 80 लाख रुपये के 161 विकास कार्यों के प्रस्तावों को राज्य सरकार ने स्वीकृति जारी की है।
जिला कलेक्टर डॉ आर्तिका शुक्ला ने मंगलवार को बताया कि जिले के जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों को अलवर जिला खनिज प्रतिष्ठान न्यास (डीएमएफटी) की प्रशासनिक परिषद द्वारा खनन प्रभावित व्यक्तियों एवं क्षेत्रों के लाभ के लिए विकास कार्यों के लिये राज्य सरकार ने कुल 28 करोड 80 लाख रुपये के 161 प्रस्तावों को अनुमति प्रदान की है, जिसमें मुख्यत: नाै करोड़ 31 लाख रुपये की लागत के विद्यालयों में कक्षा-कक्ष निर्माण एवं मरम्मत के 74 कार्य, दो करोड़ 80 लाख रुपये की लागत की 37 ई-लाइब्रेरी निर्माण कार्य, राजगढ़ में दो करोड़ 99 लाख रुपये की लागत के पेयजल आपूर्ति कार्य, चार करोड़ 38 लाख रुपये की लागत के 19 सडक निर्माण कार्य, एक 74 लाख रुपये की लागत के चिकित्सा के क्षेत्र में कार्य सहित सात करोड़ 58 लाख रूपये के 27 अन्य कार्यों को राज्य सरकार ने अनुमति प्रदान की है।
खनि अभियन्ता मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि जिले में अप्रधान खनिजों से प्राप्त रॉयल्टी की अंशदान राशि 28 करोड़ 80 लाख रूपये से खनन प्रभावित क्षेत्रों एवं व्यक्तियों के कल्याण के लिये विकास कार्य कराये जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित