ग्वालियर , मार्च 11 -- मध्यप्रदेश में ग्वालियर जिले के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में अर्धनग्न अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक कलारी के पास गुमटी के नीचे युवक का शव पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। उसके पास कोई दस्तावेज भी नहीं मिला है। युवक की उम्र लगभग 28 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
घटनास्थल से एक जहर की पुड़िया और खाली गिलास भी बरामद हुआ है। प्रारंभिक आशंका है कि युवक नशे का आदी हो सकता है और उसने शराब में जहर मिलाकर पी लिया हो, हालांकि मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान के लिए शहर के अन्य थानों से गुमशुदा व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित