मुंबई , मई, 03 -- मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने शनिवार को टी20 मुंबई लीग के बहुप्रतीक्षित चौथे सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी सफलतापूर्वक पूरी कर ली। इससे पूर्व पहली महिला लीग की नीलामी की सफलता के बाद, पुरुषों की फ्रेंचाइज़ियों ने अपनी टीमों को अंतिम रूप देने के लिए बोली की मेज पर ज़ोरदार मुकाबला किया, जिसमें उन्होंने जाने-माने अंतरराष्ट्रीय सितारों और शहर की सबसे होनहार उभरती प्रतिभाओं का मेल बिठाया।

सीज़न 4 की नीलामी में बोलियों की ज़ोरदार जंग देखने को मिली, जिसमें ऑलराउंडर आकाश पारकर सबसे कीमती खिलाड़ियों में से एक बने; उन्हें सोबो मुंबई फाल्कन्स ने 12 लाख रुपये में खरीदा। विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रसाद पवार (11.50 लाख रुपये) और हरफनमौला मुशीर खान (11 लाख रुपये) को आर्क्स अँधेरी ने अपने इरादे साफ़ करते हुए अपनी टीम में शामिल किया।

इससे पहले, लीग ने आइकॉन खिलाड़ियों की एक ज़बरदस्त सूची की पुष्टि की थी, जो अपनी-अपनी फ्रेंचाइज़ियों की अगुवाई करेंगे। इस सूची में भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और मुंबई के दिग्गज शामिल हैं, जिनमें सूर्यकुमार यादव (ट्रंफ नाइट्स मुंबई नार्थ ईस्ट), श्रेयस अय्यर (सोबो मुंबई फालकन्स), अजिंक्य रहाणे (नार्थ मुंबई पैंथर्स), शिवम दुबे (आर्क्स अँधेरी), यशस्वी जायसवाल (बांद्रा ब्लास्टर्स), शार्दुल ठाकुर (ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स), सरफराज खान (आकाश टाइगर्स) और तुषार देशपांडे (एमएससी मराठा रॉयल्स) शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित