ईटानगर , फरवरी 19 -- अरुणाचल प्रदेश के केयी पन्योर जिले में मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने और स्थानीय किसानों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को याजाली के तगार कॉम्प्लेक्स में एक 'मसाला प्रसंस्करण केंद्र' का उद्घाटन किया गया।

इस केंद्र का उद्घाटन व्यापार एवं वाणिज्य विभाग के उप निदेशक तोको तोगुर ने ईटानगर धर्मप्रांत के बिशप बेनी वर्गीज एडथट्टेल, व्यापार विकास अधिकारी ताई अरुण और भारतीय मसाला बोर्ड के अधिकारी तोको बाथ , किसानों और अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी में किया।

श्री तोगुर ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि यह केंद्र न केवल केयी पन्योर, बल्कि पड़ोसी जिलों जैसे क्रा दादी, लोअर सुबनसिरी और कामले के मसाला उत्पादकों के लिए भी वरदान साबित होगा। उन्होंने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि जल्द ही ईटानगर के चिंपू में एक 'निर्यात सुविधा केंद्र' स्थापित किया जाएगा। इससे स्थानीय निर्यातकों को आयात-निर्यात से जुड़ी औपचारिकताओं के लिए गुवाहाटी, कोलकाता या दिल्ली जैसे शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इसके अलावा, किसानों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार के गुर सिखाने के लिए भारतीय विदेश व्यापार संस्थान, कोलकाता के सहयोग से प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित