ईटानगर , अप्रैल 25 -- अरुणाचल प्रदेश में आज भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गयी और तीन अन्य घायल हो गये।

पहली घटना केई पन्योर जिले में सुबह करीब 8 बजे हुई, जहां पोटिन-पोसा मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग-13 पर तेज हवाओं के कारण एक पेड़ उखड़ कर चलती गाड़ी पर गिर गया। यह हादसा तब हुआ, जब वाहन क्रा दादी जिले के पारसी-पारलो की ओर जा रहा था।

इस घटना में क्रा दादी जिले के लोक निर्माण विभाग ताली डिवीजन में तैनात जूनियर इंजीनियर डेक्कन सोरांग (43) की मौत हो गयी। असम के धेमाजी निवासी चालक शान राय (36) को मामूली चोटें आयी हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान चलाया। वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) याजली ले जाया गया, जहां सोरांग को मृत घोषित कर दिया गया। बाद में गिरे हुए पेड़ को हटा दिया गया, जिससे राजमार्ग पर यातायात बहाल हो गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच कर ली गयी है और आगे की कानूनी औपचारिकताएं जारी हैं।

दिबांग घाटी जिले में हुई एक अन्य घटना में आज शाम तेज हवाओं के कारण एक चलते कैंपर वाहन पर पेड़ गिरने से तीन लोग घायल हो गये। घायलों की पहचान असीरुद्दीन अली (35), राजकुमार (45) और अशरफ अली (14) के रूप में हुई है। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल, अनिनी ले जाया गया।

जहां राजकुमार और अशरफ अली को मामूली चोटें आयीं, वहीं असीरुद्दीन अली के सिर में गंभीर चोट लगी है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए डिब्रूगढ़ रेफर कर दिया गया। दिबांग घाटी के उपायुक्त (डीसी) बेकिर न्योरक की देखरेख में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित