ईटानगर , जनवरी 28 -- अरुणाचल प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री एवं राज्य विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष टाकर मार्डे का लंबी बीमारी के बाद बुधवार को नयी दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया।
श्री मार्डे 62 वर्ष के थे और उनके परिवार में तीन पत्नियाँ, चार बेटे और एक बेटी है। साल 1964 को ऊपरी सुबनसिरी जिले के मार्डे गाँव में जन्मे इस दिग्गज नेता ने विधानसभा में तीन बार (1999, 2004 और 2009) डम्पोरिजो निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।अपने लंबे राजनीतिक करियर के दौरान, उन्होंने गृह मंत्री, ग्रामीण विकास मंत्री, उपाध्यक्ष और राज्य योजना बोर्ड के अध्यक्ष सहित प्रमुख विभागों की जिम्मेदारी संभाली।
अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) केटी परनाइक ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दिवंगत श्री मार्डे की सेवा और लोगों के प्रति उनकी चिंता पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दिवंगत श्री मार्डे को उनके नेतृत्व, बुद्धिमत्ता और जन कल्याण के प्रति समर्पण के लिए हमेशा याद रखा जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित