ईटानगर , जनवरी 03 -- अरुणाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री चाउना मीन ने पासीघाट में हंप द्वितीय विश्व युद्ध संग्रहालय का दौरा करते हुए राज्य केसमृद्ध युद्धकालीन इतिहास को संरक्षित करने और विरासत पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

उप मुख्यमंत्री के इस दौरे में पूर्व मुख्यमंत्री मुकुट मिथी और कई विधायक भी उनके साथ थे। उन्होंने दौरे के दौरान संग्रहालय की स्थापना में मेबो विधायक ओकेन तायेंग की दूरदर्शी पहल की सराहना करते हुए कहा कि हंप संग्रहालय द्वितीय विश्व युद्ध की अमूल्य कलाकृतियों को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, जिसमें युद्ध के दौरान क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुए विमानों के अवशेष भी शामिल हैं।

श्री मीन ने कहा, " हंप द्वितीय विश्व युद्ध संग्रहालय इतिहास के लिए एक मार्मिक स्मारक के रूप में खड़ा है। यह एक सार्थक और भावनात्मक यात्रा प्रदान करता है, खासकर उन सैनिकों के परिवारों के लिए जिन्होंने युद्ध के दौरान बलिदान दिया। "उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थान यह सुनिश्चित करते हैं कि द्वितीय विश्व युद्ध में शामिल लोगों के बलिदान और योगदान को आने वाली पीढ़ियों के लिए संरक्षित किया जाये। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि इस साल अंतरराष्ट्रीय पांगसाऊ पास शीतकालीन महोत्सव के हिस्से के रूप में द्वितीय विश्व युद्ध के 80 साल पूरे होने का जश्न मनाया जाएगा, जो एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक उपलब्धि है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित