ईटानगर , जनवरी 03 -- अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू सहित कई नेताओं ने कहानीकार सुबी ताबा को उनके कहानी संग्रह 'टेल्स फ्रॉम द डॉन-लिट माउंटेंस' के लिए रामनाथ गोयनका साहित्य सम्मान सर्वश्रेष्ठ फिक्शन-2025 से सम्मानित किये जाने पर हार्दिक बधाई दी है।

श्री खांडू ने अपने बधाई संदेश में इस सम्मान को अरुणाचल प्रदेश के लिए गर्व का क्षण और पूर्वोत्तर के समकालीन साहित्य के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और कहा है कि 'द न्यू इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप' द्वारा स्थापित यह पुरस्कार क्षेत्र की साहित्यिक और रचनात्मक उत्कृष्टता की राष्ट्रीय पहचान को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा, " सुबी ताबा को रामनाथ गोयनका साहित्य सम्मान सर्वश्रेष्ठ फिक्शन-2025 प्राप्त करने पर हार्दिक बधाई। यह प्रतिष्ठित सम्मान अरुणाचल प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है और पूर्वोत्तर के साहित्य के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनकी निरंतर साहित्यिक प्रतिभा और सफलता के लिए शुभकामनाएं। "उप मुख्यमंत्री चोवना मेन ने भी लेखिका को बधाई देते हुए कहा कि इस उपलब्धि ने अरुणाचल प्रदेश की समृद्ध कहानियों, संस्कृति और आवाजों पर राष्ट्रीय ध्यान आकर्षित किया है। श्री मेन ने कहा, " यह पहचान हमारी भूमि और परंपराओं में निहित कहानी कहने की शक्ति को उजागर करती है। मैं सुबी ताबा को उनकी साहित्यिक यात्रा में निरंतर सफलता की कामना करता हूं। "गृह मंत्री मामा नटुंग ने इस उपलब्धि को पूर्वी कामेंग जिले के लिए बहुत गर्व का क्षण बताया, जहां से सुश्री सुबी ताबा आती हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता समर्पण, उत्कृष्टता और राष्ट्रीय साहित्यिक मंच पर राज्य के लेखकों की बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाती है।

श्री नाटुंग ने टिप्पणी की, " पूर्वी कामेंग की बेटी ने पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। उनकी उपलब्धि न केवल पूर्वी कामेंग बल्कि पूरे अरुणाचल प्रदेश के लिए बहुत सम्मान की बात है। "उल्लेखनीय है कि 'टेल्स फ्रॉम द डॉन-लिट माउंटेंस' कहानीकार सुबी ताबा द्वारा लिखी गयी अरुणाचल प्रदेश की लोककथाओं और जनजातीय जीवन पर आधारित कहानियों का एक ऐसा संग्रह है, जो जादुई यथार्थवाद और प्रकृति के साथ उनके गहरे जुड़ाव को दर्शाता है। कहानियों में जानवर, आत्मायें और पहाड़ स्वयं उसके पात्र हैं। अरुणाचल प्रदेश की संस्कृति और बदलते समाज को समझने के दृष्टिकोण से यह एक महत्वपूर्ण कहानी संग्रह माना जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित