अररिया , अप्रैल 09 -- बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज शहर में गुरुवार को सत्तू विक्रेता ने मामूली विवाद में एक पिकअप वाहन चालक की हत्या कर दी, जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपी को पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आज सुबह फारबिसगंज के सुभाष चौक स्थित मार्केटिंग यार्ड में मामूली विवाद को लेकर सत्तू विक्रेता ने पिकअप चालक की धारदार चाकू से हत्या कर दी। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपी को पकड़कर उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी।मृतक पिकअप वैन चालक की पहचान नबी हुसैन (42) के रूप में हुई है, जो जोगबनी के अमोना निवासी मोहम्मद मुद्दीन के पुत्र थे। वहीं, आरोपी सत्तू विक्रेता की पहचान रवि चौहान (32) के रूप में हुई है, जो सुल्तान पोखर चौहान टोला निवासी भीम चौहान के पुत्र थे।
सूत्रों ने बताया कि घटना से आक्रोशित लोगों ने शव के साथ प्रदर्शन किया। वहीं, नबी हुसैन के समर्थकों ने सुभाष चौक पर आगजनी की तथा अनुमंडल अस्पताल में तोड़फोड़ की। इस दौरान एक एंबुलेंस को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अररिया के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में कड़ी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया गया।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि पहले रवि चौहान ने नबी हुसैन की चाकू से हत्या की, जिसके बाद आक्रोशित भीड़ ने रवि की पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अररिया भेज दिया गया है।फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित