अयोध्या , अक्टूबर 03 -- अयोध्या नगर निगम के पूर्व पार्षद लक्ष्मी सिंह के प्रतिनिधि आलोक सिंह को उन्हीं के साथी और व्यावसायिक पार्टनर मोहित पांडेय ने बीती देर रात्रि रामघाट चौराहा पर गोली मार दी।
गोली बारी की घटना से नाराज आलोक सिंह के परिजनों एवं दुर्गापूजा में मौजूद स्थानीय लोगों ने मोहित पांडेय को जमकर पीटा। अयोध्या कोतवाली पुलिस ने मोहित पांडेय को भीड़ से छुड़ाया और गोली लगने से घायल आलोक सिंह और पिटाई से घायल मोहित पांडेय और आलोक के निजी सुरक्षाकर्मी को श्रीराम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से आलोक सिंह और मोहित पांडेय को इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया।
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला महामंत्री हरिशंकर सिंह की धर्मपत्नी लक्ष्मी सिंह नगर निगम के चुनाव में अशोक सिंघल नगर से पार्षद चुनी गई। लक्ष्मी सिंह का राजनैतिक कार्य उनके बेटे आलोक सिंह देखते थे। नगर निगम के पिछले चुनाव में अशोक सिंघल वार्ड से भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर उपाध्यक्ष अंकित त्रिपाठी को पार्टी का टिकट मिला और वह पार्षद चुने गए। पार्टी का टिकट न मिलने से नाराज आलोक सिंह चुनाव लड़े लेकिन हार गए। उसी समय से मोहित पाण्डेय के दो बड़े भाई धर्मवीर पांडेय और धीरज पांडेय चुनाव में आलोक सिंह का साथ दिए और आलोक सिंह के खनन और प्रापर्टी व्यवसाय को धर्मवीर पांडेय देखते थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित