अम्बिकापुर , अप्रैल 24 -- छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर में कलेक्टर अजीत वसंत ने शहर में संचालित फटाका गोदामों को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने नगर के सभी फटाका भंडारण स्थलों को शहर की सीमा से बाहर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए हैं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, अम्बिकापुर में वर्तमान में 8 स्थायी फटाका लाइसेंसधारी और 2 फटाका निर्माण के लाइसेंसधारी संचालित हैं। कलेक्टर ने अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) को निर्देशित किया है कि सभी गोदामों का निरीक्षण कर विस्तृत जांच रिपोर्ट 7 दिवस के भीतर प्रस्तुत की जाए।

जांच के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि फटाका गोदाम रिहायशी क्षेत्रों में तो नहीं हैं, आकस्मिक स्थिति में अग्निशमन वाहनों की पहुंच के लिए पर्याप्त मार्ग उपलब्ध है या नहीं, तथा लाइसेंस की शर्तों का पालन किया जा रहा है या नहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित