अम्बिकापुर, फरवरी 20 -- छत्तीसगढ़ में सरगुजा के रक्षित केंद्र अम्बिकापुर में शुक्रवार को जनरल परेड का आयोजन किया गया, जिसकी सलामी उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) एवं सरगुजा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी)राजेश कुमार अग्रवाल ने ली। इस दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण करते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के टर्नआउट (वेशभूषा) का बारीकी से जायजा लिया।

एसएसपी कार्यालय से शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार,निरीक्षण के दौरान जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की वेशभूषा बेहतर पाई गई, उन्हें डीआईजी एवं एसएसपी ने पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया। परेड में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की टोलियां बनाकर परेड कराई गई। वहीं, परेड के दौरान मधुर धुन बजाने वाली पुलिस बैंड टीम का भी निरीक्षण किया गया और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

परेड के निरीक्षण के बाद वरिष्ठ अधिकारी ने पुलिस लाइन स्थित वाहन शाखा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी शासकीय वाहनों की बारीकी से जांच की और वाहनों के बेहतर रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्राइवर डायरी को भी अद्यतन रखने पर जोर दिया।

इसके पश्चात उन्होंने पुलिस लाइन के शस्त्रागार और स्टोर शाखा का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने हथियारों और गोला-बारूद (आर्म्स एम्युनिशन) के रखरखाव की स्थिति देखी और रिकॉर्ड को बेहतर तरीके से संधारित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस कल्याण कैंटीन और पुलिस बैंक का भी जायजा लिया। ये सुविधाएं अधिकारियों और जवानों के लिए खोली गई हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस जनरल परेड में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल (भा.पु.से.), रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत सहित विभिन्न थानों, चौकियों और कार्यालयों से कुल 146 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित