नयी दिल्ली , फरवरी 22 -- अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि वह समझौता संतुलित नहीं बल्कि एकतरफा है जिसका सबसे ज्यादा असर देश के किसानों पर पड़ सकता है।
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने रविवार को सरकार की नीति पर सवाल उठाते हुए कहा, जब अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में मामला विचाराधीन था और संभावित फैसला आने वाला था तो व्यापार समझौते को इतनी जल्दबाजी में लागू करने की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने कहा कि अदालत के फैसले का इंतजार किया जा सकता था।
श्री रमेश ने कहा " प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार समझौते की सराहना करते रहे हैं जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आयात शुल्क लगाने की बात करते रहते हैं। मैं यह राष्ट्रपति ट्रम्प के बयानों के आधार पर कह रहा हूं। कोई व्यापार समझौता होता है तो वह बराबरी के आधार पर होना चाहिए। लेन देन का अर्थ यह नहीं होना चाहिए कि भारत केवल रियायतें देता रहे और बदले में उसे समान लाभ न मिले। "श्री रमेश ने आरोप लगाया कि यह समझौता संतुलित नहीं बल्कि एकतरफा है। इस समझौते का सबसे ज्यादा असर देश के किसानों पर पड़ सकता है। कांग्रेस ने सरकार से इस मुद्दे पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित