नयी दिल्ली , जनवरी 12 -- भारत में अमेरिका के राजदूत-मनोनीत सर्जियो गोर ने दोनों देशों के बीच गहरी और स्थायी मित्रता पर जोर देते हुए सोमवार को कहा कि यह रिश्ता साझा हितों के साथ-साथ शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर मजबूत संबंधों पर आधारित है और वह भारत-अमेरिका द्विपक्षीय साझेदारी को "अगले स्तर" तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपने परिचय पत्र सौंपने से पहले श्री गोर ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच संबंध "वास्तविक" हैं। उन्होंने व्यापार, सुरक्षा, आतंकवाद-रोधी सहयोग, जलवायु परिवर्तन और प्रौद्योगिकी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
श्री गोर ने कहा, "मेरा लक्ष्य दोनों देशों के बीच साझेदारी को अगले स्तर पर ले जाना है। अमेरिका और भारत न केवल साझा हितों से, बल्कि सर्वोच्च स्तर पर स्थापित रिश्तों से भी जुड़े हैं। सच्चे मित्र मतभेदों के बावजूद अंततः समाधान निकाल लेते हैं।"उन्होंने बताया कि वह इस सप्ताह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपने परिचय पत्र सौंपेंगे। उन्होंने व्यापार को लेकर कहा कि दोनों पक्ष लगातार संवाद में हैं और सुरक्षा, आतंकवाद-रोधी प्रयास, जलवायु परिवर्तन एवं तकनीक जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग जारी रहेगा। श्री गोर ने 'पैक्स सिलिका' का नया सदस्य बनने के लिये भारत का स्वागत किया।
श्री गोर ने राष्ट्रपति ट्रंप के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, "मैंने राष्ट्रपति ट्रंप के साथ दुनिया भर में यात्रा की है। मैं यह प्रमाणित कर सकता हूं कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी मित्रता वास्तविक है।" उन्होंने बताया कि हाल ही में श्री ट्रंप से बातचीत के दौरान उन्होंने भारत की जनता और प्रधानमंत्री मोदी के लिए उनके गर्मजोशी भरे संदेश साझा किए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित