तेहरान , अप्रैल 04 -- ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने शनिवार को कहा कि अमेरिका-इजरायल युद्ध के बीच ईरान के रुख को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है और ईरान ने वार्ता के लिए इस्लामाबाद जाने से कभी इनकार नहीं किया।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा, "ईरान की स्थिति को अमेरिकी मीडिया गलत तरीके से प्रस्तुत कर रहा है। हम पाकिस्तान के प्रयासों के प्रति आभारी हैं और इस्लामाबाद जाने से कभी इनकार नहीं किया। हमारा ध्यान इस अवैध युद्ध के स्थायी और निर्णायक अंत की शर्तों पर है।"ईरानी विदेश मंत्री ने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें ईरानी नागरिक पाकिस्तान के झंडे लहराते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने अपने संदेश का समापन "पाकिस्तान जिंदाबाद" लिखकर किया।
यह बयान उस रिपोर्ट के एक दिन बाद आया है, जिसमें द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने मध्यस्थों के हवाले से कहा था कि पाकिस्तान की अगुवाई में अमेरिका और ईरान के बीच संघर्षविराम कराने के प्रयास फिलहाल ठहराव की स्थिति में पहुंच गए हैं।
पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इशाक डार ने इस स्पष्टीकरण का स्वागत करते हुए कहा, "आपके स्पष्टीकरण की सराहना करता हूं।"विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंदराबी ने इसे "समय पर दिया गया स्मरण" बताते हुए कहा कि अटकलों से किसी का लाभ नहीं होता और आधिकारिक बयानों पर ही भरोसा किया जाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में यह खबरें आई थीं कि तेहरान ने वार्ता प्रस्तावों पर औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, हालांकि बैक-चैनल स्तर पर बातचीत जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित