उदयपुर , फरवरी 24 -- राजस्थान में उदयपुर जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र में पुलिस एवं जिला विशेष दल (डीएसटी) ने अमरीकी नागरिकों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक युवती सहित 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया एक होटल में संचालित सनसेट एडवेन्चर नामक कंपनी के 10-12 आरोपी अमेरिका के नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी जुटाकर उनको एप्पल कम्पनी के उत्पादों पर अतिरिक्त चार्ज लगने के बारे में बताते थे। फिर उन्हें वसूले गये अतिरिक्त चार्ज वापस दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करके डॉलर प्राप्त करते थे।
पुलिस ने बताया कि पुलिस दल ने सोमवार रात उक्त होटल में दबिश देकर मौके से 12 आरोपियों को गिरफ्तार करके धोखाधड़ी के लिए इस्तेमाल किये जा रहे चार लैपटॉप, 14 मोबाइल, दो वाहन और अन्य उपकरण बरामद किये।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में शाहरूख मोहम्मद शेख (33), चेतन सिंह सिकरवार (34), करण कुमार मीणा (28), मिलन जोशी (24), प्रवीण कुमार मीणा (26), दीपक थापा (32), सुश्री अनुशा खांसी (37) और अन्य आरोपी शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित