नयी दिल्ली , फरवरी 07 -- अमेरिका के साथ अंतरिम व्यापार समझौते से भारत में हार्ले डेविडसन की की बाइकें और अमेरिकी कंपनियों की लग्जरी कारें सस्ती होंगी।

समझौते के जानकार सूत्रों ने बताया कि भारत अमेरिकी कंपनियों की 1,500 सीसी से ऊपर की मोटरसाइकिलों पर सीमा शुल्क घटाकर शून्य करेगा। इसके अलावा 2,500 सीसी से ऊपर की डीजल कारों और 3,000 सीसी से ऊपर की पेट्रोल कारों पर भी सीमा शुल्क में कटौती की जायेगी।

सूत्रों के अनुसार, अमेरिकी मोटरसाइकिल कंपनियों में सिर्फ हार्ले डेविडसन की बाइकें ही इस श्रेणी में हैं जिन्हें इसका लाभ मिल सकेगा।

भारत का अमेरिका से मोटरसाइकिलों का आयात काफी कम है। वित्त वर्ष 2024-25 में यह 84.36 प्रतिशत बढ़कर 50.9 लाख डॉलर रहा था।

भारत और अमेरिका में अंतरिम व्यापार समझौते पर दोनों देशों में शनिवार को संयुक्त बयान जारी किये। इसके तहत अमेरिका में ज्यादातर भारतीय उत्पादों पर आयात शुल्क घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया जायेगा। साथ ही अमेरिका कई उत्पादों पर आयात शुल्क शून्य करेगा। वहीं, भारत भी अमेरिकी उत्पादों पर सीमा शुल्क में कटौती करेगा और कई उत्पादों पर शुल्क शून्य करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित