, April 7 -- मॉस्को, 07 अप्रैल (स्पुतनिक/वार्ता) अमेरिका के रक्षा विभाग ने ईरान के खिलाफ जारी ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के दौरान इंटरसेप्टर मिसाइलों की कमी को पूरा करने के लिए वित्त वर्ष 2027 में बजट में कई गुना वृद्धि का प्रस्ताव रखा है।
स्पुतनिक संवाददाता द्वारा पेंटागन की हालिया बजट रिपोर्ट के विश्लेषण के अनुसार, अमेरिका टर्मिनल हाई एल्टीट्यूड एरिया डिफेंस (टीएचएएडी) और पैट्रियट एडवांस्ड कैपेबिलिटी-3 मिसाइल सेगमेंट एन्हांसमेंट (पीएसी -3 एमएसई) मिसाइलों के लिए कुल 25.4 अरब डॉलर का प्रावधान करना चाहता है।
यह वित्तीय बढ़ोतरी उस समय सामने आई है जब ऑपरेशन के शुरुआती हफ्तों में बड़ी संख्या में इंटरसेप्टर मिसाइलों के उपयोग से अमेरिकी भंडार में गंभीर कमी पैदा हो गई है। अमेरिकी रक्षा अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इस तेज़ गिरावट ने रणनीतिक कमजोरियां पैदा कर दी हैं, खासकर ऐसे समय में जब ईरान ड्रोन और मिसाइलों के बड़े पैमाने पर उत्पादन में बढ़त बनाए हुए है।
इस कमी को दूर करने के प्रयास में रक्षा विभाग ने वित्त वर्ष 2027 के लिए टीएचएएडी और पीएसी -3 एमएसई प्रणालियों पर कुल 25.4 अरब डॉलर खर्च करने का प्रस्ताव रखा है। टीएचएएडी कार्यक्रम में सबसे बड़ा बदलाव देखा गया है, जिसे मिसाइल डिफेंस एजेंसी से हटाकर अमेरिकी सेना के अधीन कर दिया गया है। इसके साथ ही इसकी फंडिंग में 1,289 प्रतिशत की वृद्धि करते हुए इसे 2026 के 823.125 मिलियन डॉलर से बढ़ाकर 11.435 अरब डॉलर कर दिया गया है।
वहीं, पीएसी -3 एमएसई कार्यक्रम में भी बड़े स्तर पर विस्तार प्रस्तावित है। अमेरिकी सेना ने इसके लिए 12.229 अरब डॉलर की मांग की है, जो 2026 में आवंटित 1.646 अरब डॉलर की तुलना में 642.9 प्रतिशत अधिक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित