वाशिंगटन , अप्रैल 25 -- अमेरिका ने अंतिम समय में ईरानी प्रतिनिधियों से बातचीत के लिए पाकिस्तान जाने वाले अपने प्रतिनिधियों का दौरा रद्द कर दिया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार देर रात घोषणा की, ''मैंने ईरानियों से मिलने के लिए इस्लामाबाद जा रहे अपने प्रतिनिधियों का दौरा रद्द कर दिया है।''उन्होंने कहा कि यात्रा में बहुत समय बर्बाद होता है और काम का बोझ भी बहुत ज्यादा है! इसके अलावा श्री ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर घोषणा की कि ''उनके नेतृत्व में जबरदस्त आंतरिक कलह और भ्रम की स्थिति है।''उन्होंने कहा कि ईरान में सत्ता किसके हाथ में है, यह कोई नहीं जानता, यहां तक कि वे खुद भी नहीं जानते। श्री ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका के पास सारे पत्ते हैं, उनके पास कुछ नहीं।
उन्होंने कहा, "अगर ईरानी बातचीत करना चाहते हैं, तो उन्हें बस फोन करना होगा।"ईरान ने इससे पहले घोषणा की थी कि इस्लामाबाद में अमेरिका के साथ कोई बैठक तय नहीं है।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने शनिवार को कहा, "ईरान और अमेरिका के बीच कोई बैठक तय नहीं है। ईरान की टिप्पणियां पाकिस्तान को बता दी जाएंगी।"ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची शुक्रवार देर रात पाकिस्तानी नेतृत्व से मिलने और मौजूदा स्थिति पर चर्चा करने के लिए इस्लामाबाद पहुंचे।
प्रवक्ता ने शनिवार तड़के कहा, "हम एक आधिकारिक दौरे पर इस्लामाबाद पहुंचे हैं। विदेश मंत्री (अब्बास) अराघची अमेरिकी आक्रमण को समाप्त करने और हमारे क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए चल रहे मध्यस्थता और सद्भावना प्रयासों के तहत पाकिस्तानी उच्च स्तरीय अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।"श्री अरघची की पाकिस्तान यात्रा, क्षेत्र में चल रहे घटनाक्रमों और युद्ध की नवीनतम स्थिति पर परामर्श के लिए इस्लामाबाद, मस्कट और मॉस्को की उनकी क्षेत्रीय यात्रा का हिस्सा है।
अमेरिका ने मध्य पूर्व के लिए विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और शांति के लिए विशेष दूत जेरेड कुशनर को वार्ता के लिए पाकिस्तान भेजने का कार्यक्रम बनाया था।
उपराष्ट्रपति जे डी वैंस का वार्ता के लिए पाकिस्तान जाने का कोई कार्यक्रम नहीं था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित