मुंबई , फरवरी 03 -- अमेरिका और भारत के बीच व्यापार समझौते की घोषणा से मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों में जबरदस्त तेजी देखी गयी और प्रमुख सूचकांक तीन सप्ताह के उच्चतम स्तर पर बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स 2,072.67 अंक (2.54 प्रतिशत) चढ़कर 83,739.13 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स 3,656.74 अंक की तेजी में 85,323.20 अंक पर खुला और कुछ ही देर में 4,205 अंक चढ़कर 85,871.73 अंक पर पहुंच गया।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 639.15 अंक यानी 2.55 प्रतिशत चढ़कर 25,727.55 अंक पर बंद हुआ। सुबह के समय यह ऊपर 26,341.20 अंक तक चढ़ा था।

दोनों सूचकांकों का यह तीन सप्ताह का उच्चतम स्तर है।

चौतरफा लिवाली के बीच सभी सूचकांकों में अच्छी मजबूती देखी गयी। मझौली कंपनियों वाले निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक में 2.80 फीसदी और स्मॉलकैप-100 सूचकांक में 2.82 प्रतिशत की तेजी रही।

रुपये में रहे उछाल से भी शेयर बाजारों में निवेश धारणा मजबूत हुई। भारतीय मुद्रा फिलहाल 121.75 पैसे चढ़कर 90.2775 रुपये प्रति डॉलर पर है।

ऑटो, फार्मा, बैंकिंग, वित्त, रियलटी, स्वास्थ्य और रसायन समेत सभी सेक्टरों के सूचकांकों में बड़ी तेजी देखी गयी।

भारत-अमेरिका समझौते के साथ अच्छे तिमाही परिणाम आने से अडानी पोर्ट्स का शेयर नौ प्रतिशत से ज्यादा उछल गया। बजाज फाइनेंस में साढ़े छह प्रतिशत और इंडिगो में साढ़े पांच प्रतिशत से अधिक की तेजी रही। पावरग्रिड, सनफार्मा और बजाज फिनसर्व में चार से पांच प्रतिशत के बीच तेजी रही। भारतीय स्टेट बैंक तथा रिलायंस इंडस्ट्रीज में करीब साढ़े तीन फीसदी की बढ़त रही।

एलएंडटी, एक्सिस बैंक, टाइटन, आईसीआईसीआई बैंक, मारुति सुजुकी, ट्रेंट, इटरनल, एनटीपीसी, टाटा स्टील और एचडीएफसी बैंक के शेयर दो से तीन प्रतिशत के बीच चढ़े। कोटक महिंद्रा बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टीसीएस, भारती एयरटेल, इंफोसिस और एशियन पेंट्स में एक से दो प्रतिशत के बीच तेजी रही। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, हिंदुस्तान यूनीलिवर, आईटीसी और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर भी हरे निशान में रहे।

टेक महिंद्रा में गिरावट रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित