नयी दिल्ली , फरवरी 21 -- कांग्रेस ने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के मद्देनजर भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को फिलहाल स्थगित रखने की मांग की है।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने शनिवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में स्पष्ट प्रावधान है कि एक देश शर्तों में बदलाव करता है तो दूसरा देश भी संशोधन कर सकता है। ऐसे में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भारत को भी अपने रुख की समीक्षा करनी चाहिए।
उन्होंने दो फरवरी को देर रात व्यापार समझौते की घोषणा को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'जल्दबाज़ी' पर सवाल उठाए और कहा कि जब सबको मालूम था कि अमेरिका की ओर से लगाये गये आयात शुल्क को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई है, तो सरकार कुछ दिन और इंतजार कर सकती थी। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने श्री ट्रम्प के फैसले को असंवैधानिक करार देते हुए कहा है कि राष्ट्रपति को ऐसा करने का अधिकार नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित