लखनऊ , फरवरी 12 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित व्यापारिक डील को देश की खेती, उत्पादन और रोजगार के लिए नुकसानदेह बताया है। उन्होंने कहा कि यह ऐसी 'डील' है, जो देश की अर्थव्यवस्था की बुनियाद को कमजोर कर सकती है।

श्री यादव ने गुरुवार को जारी एक बयान में कहा कि यह समझौता किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और घरेलू उद्योगों के हितों के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विदेशियों के सामने देश के बाजार को खोल रही है, जिससे खेती-किसानी और स्थानीय उत्पादन को भारी क्षति पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि जब आयात बढ़ेगा तो देश का किसान अपनी उपज कहां और किस मूल्य पर बेचेगा।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग स्वदेशी और आत्मनिर्भरता की बात करते थे, वे अब 'परनिर्भरता' की राह पर चल पड़े हैं। उन्होंने भाजपा सरकार से स्पष्ट करने की मांग की कि विदेशी दबाव में देश के हितों से समझौता क्यों किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित