, April 6 -- तेहरान, 06 अप्रैल (वार्ता/स्पूतनिक) पश्चिमी एशिया में चल रहे युद्ध को रोकने के लिए अमेरिका, ईरान और क्षेत्रीय मध्यस्थ दो चरणों वाली एक योजना पर काम कर रहे हैं।
अमेरिकी समाचार वेबसाइट 'एक्सियोस' ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। इस योजना के पहले चरण के तहत 45 दिनों के लिए 'युद्ध विराम' पर चर्चा की जा रही है।
एक अमेरिकी अधिकारी के अनुसार, ट्रंप प्रशासन ने पिछले कुछ दिनों में ईरान के सामने कई प्रस्ताव रखे हैं, लेकिन ईरानी अधिकारियों ने अब तक किसी को भी स्वीकार नहीं किया है। सूत्रों का मानना है कि अगले 48 घंटों में किसी समझौते की संभावना कम है।
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार तक 'होर्मुज जलडमरूमध्य' को खोलने की मांग की थी और मांग पूरी न होने पर बिजली घरों और पुलों को नष्ट करने की कड़ी चेतावनी दी थी।
चर्चा के अनुसार, इस शांति योजना के दो हिस्से हैं, पहले 45 दिनों के लिए युद्ध रोका जाएगा, ताकि इस दौरान स्थायी शांति की शर्तों पर बातचीत हो सके। यदि जरूरत पड़ी तो बातचीत के लिए इस समय को और बढ़ाया भी जा सकता है। इसके बाद दूसरे चरण में युद्ध को पूरी तरह समाप्त करने के लिए एक अंतिम समझौता किया जाएगा।
सूत्रों का मानना है कि ईरान के पास मौजूद संवर्धित यूरेनियम और होर्मुज समुद्री रास्ते को पूरी तरह खोलने जैसे पेचीदा मसले केवल अंतिम समझौते के जरिए ही हल हो सकते हैं।
इस बीच, मध्यस्थ देश कुछ ऐसे कदम उठाने की कोशिश कर रहे हैं जिससे अमेरिका और ईरान के बीच भरोसा बढ़ सके और ईरान की कुछ मांगों को पूरा किया जा सके।
श्री ट्रंप ने रविवार को कहा था कि अमेरिका और ईरान के बीच 'बातचीत' चल रही है और मंगलवार तक कोई फैसला हो सकता है। हालांकि, ईरानी विदेश मंत्रालय ने सीधी बातचीत से इनकार किया है, लेकिन यह माना है कि मध्यस्थों के जरिए अमेरिका के संदेश मिल रहे हैं कि वह युद्ध समाप्त करने के लिए संवाद चाहता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित