मुंबई , फरवरी 19 -- अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने से घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को निवेश धारणा प्रभावित हुई और प्रमुख सूचकांक लगभग डेढ़ फीसदी की गिरावट में बंद हुए।

बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,236.11 अंक (1.48 प्रतिशत) गिरकर 82,498.14 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 365 अंक यानी 1.41 प्रतिशत लुढ़ककर 25,454.35 अंक पर रहा। यह दोनों सूचकांकों का 02 फरवरी के बाद का न्यूनतम बंद स्तर है।

चौतरफा बिकवाली के बीच मझौली और छोटी कंपनियों में भी गिरावट रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.63 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.27 प्रतिशत उतर गया।

ईरान के आसपास अमेरिका के सैन्य तैनाती बढ़ाने की खबरों से यूरोपीय बाजारों के साथ घरेलू शेयर बाजारों में भी निवेश धारणा प्रभावित हुई है।

ऑटो, रियलटी और मीडिया समूहों के सूचकांक दो प्रतिशत से अधिक टूट गये। टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, बैंकिंग, एफएमसीजी, आईटी, धातु और तेल एवं गैस समूहों में एक से दो प्रतिशत की गिरावट रही।

एनएसई में जिन 3,248 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें 2,307 लाल निशान में और 831 हरे निशान में बंद हुए जबकि अन्य 110 कंपनियों के शेयर दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद अंततः अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स की सभी कंपनियां लाल निशान में रहीं। इंडिगो का शेयर सबसे अधिक 3.23 फीसदी टूट गया। ट्रेंट का शेयर 2.86 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट का 2.85, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 2.81, बीईएल का 2.70, अडानी पोर्ट्स का 2.50, क्वालिटी वॉल का 2.31, कोटक महिंद्रा बैंक का 2.29, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 2.11 और आईटीसी का 2.03 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।

इटरनल और पावरग्रिड के शेयर 1.93 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 1.90, मारुति सुजुकी का 1.73, टाटा स्टील का 1.70, भारती एयरटेल का 1.54, एक्सिस बैंक का 1.53, टेक महिंद्रा का 1.52, एनटीपीसी का 1.38, बजाज फिनसर्व का 1.31, एशियन पेंट्स का 1.28, आईसीआईसीआई बैंक का 1.27, टाइटन का 1.20, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 1.12, एलएंडटी का 1.06 और भारतीय स्टेट बैंक का 1.02 प्रतिशत टूट गया। बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, सनफार्मा, टीसीएस और इंफोसिस में भी गिरावट रही।

वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 0.57 प्रतिशत और हांगकांग का हैंगसेंग 0.52 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। चीन का शंघाई कंपोजिट 1.26 प्रतिशत टूट गया। यूरोप में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.69 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.54 प्रतिशत नीचे था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित