, Jan. 28 -- लॉस एंजिलस, 27 जनवरी (वार्ता/ शिन्हुआ) अमेरिका के एरिज़ोना राज्य में अमेरिकी बॉर्डर पेट्रोल से जुड़ी एक घटना में गोली लगने से एक आदमी की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
स्थानीय मीडिया ने पिमा काउंटी शेरिफ विभाग के हवाले से बताया कि यह घटना अरिवाका में हुई, जो अमेरिका-मेक्सिको सीमा से लगभग 16 किमी उत्तर में है। पिमा काउंटी शेरिफ क्रिस नैनोस ने एक संवाददाता सम्मेलन में पुष्टि की कि संदिग्ध की पहचान एरिज़ोना के निवासी पैट्रिक गैरी श्लेगल के रूप में हुई है।यह घटना स्थानीय समय के अनुसार सुबह लगभग 7:30 बजे शुरू हुई, जब बॉर्डर पेट्रोल एजेंटों ने एक वाहन की पहचान की। उनका मानना था कि वह एक ऐसे व्यक्ति का है, जिस पर पहले की एक घटना में मानव तस्करी का संदेह था। श्री नैनोस ने कहा, " जब उन्होंने ट्रैफिक रोका, तो कार में बैठा अकेला ड्राइवर पैदल भागने लगा। बॉर्डर पेट्रोल एजेंट ने पैदल उसका पीछा किया। कुछ ही देर बाद संदिग्ध ने गोलियां चलायीं और एजेंट ने जवाबी गोलीबारी की। इससे संदिग्ध को गोली लग गयी।"स्थानीय मीडिया ने बताया कि उस व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है और इलाज के लिए ले जाया गया। शेरिफ विभाग ने कहा कि वह एफबीआई और अमेरिकी सीमा शुल्क एवं सीमा सुरक्षा के साथ समन्वय में काम कर रहा है। एफबीआई के फीनिक्स डिवीजन के प्रभारी विशेष एजेंट हीथ जंके ने भी मीडिया को बताया कि घटना के दौरान संदिग्ध ने बॉर्डर पेट्रोल हेलीकॉप्टर और एजेंटों पर गोलियां चलायीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित