अमेठी , फरवरी 14 -- उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में कबाड़ व्यवसायी के अपहरण और एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने घटना के पांच दिन बाद तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के भीखीपुर निवासी कबाड़ व्यवसायी रमन अग्रहरि मंगलवार को अपनी बोलेरो गाड़ी से बच्चों को स्कूल छोड़कर लौट रहे थे, तभी धरौली के पास तीन बदमाशों ने उन्हें गाड़ी सहित अगवा कर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने दिनभर उन्हें इधर-उधर घुमाया, धमकाया और एक करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की। बाद में पीड़ित की असमर्थता जताने पर दस लाख रुपये लेकर शाम के समय उन्हें गाड़ी सहित छोड़ दिया गया।
पीड़ित द्वारा घर फोन कर सूचना देने के बाद परिजन उन्हें लेकर मुसाफिरखाना थाने पहुंचे, जहां रमन ने पुलिस को आपबीती बताई। रमन के चालक ने भी दावा किया कि फिरौती की रकम के लिए लगातार फोन आ रहे थे और जिस व्यक्ति को पैसा दिया गया है, उसे सामने आने पर वह पहचान सकता है।
इस पूरे मामले में पुलिस अधीक्षक सरवण टी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर तीन संदिग्धों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि घटना के बाद चार दिनों तक पुलिस जांच में जुटी रही और प्रकरण की सत्यता को लेकर संदेह भी जताया जाता रहा। हालांकि पांचवें दिन पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित