अमेठी , फरवरी 18 -- उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के जामो थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक सड़क हादसे में चार वर्षीय बालक की मौत हो गई। आरोप है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे ट्रैक्टर ने बच्चे को टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

अलीपुर निवासी कृष्ण प्रकाश यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका चार वर्षीय पुत्र विराज सर्वोदय साइंस कॉलेज, वारिसगंज रोड के पास खेल रहा था। इसी दौरान नीले रंग का स्वराज ट्रैक्टर तेज गति से आया और बच्चे को टक्कर मार दी। परिजन आनन-फानन में घायल बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जामो ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे निजी चिकित्सालय के लिए रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रभारी निरीक्षक जामो विनोद सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित