अमरोहा , मार्च 13 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में 'मिशन-500' के तहत अमृत सरोवर योजना में जल संरक्षण और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। इस अभियान के अंतर्गत जिले में 501 तालाबों के पुनरुद्धार और कायाकल्प का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसमें से अब तक 291 तालाबों का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर चिन्हित 340 तालाबों में से 291 तालाबों का कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है, जबकि शेष तालाबों पर तेजी से काम चल रहा है। इनमें से कई तालाबों को 'मॉडल अमृत सरोवर' के रूप में विकसित किया गया है, जो योजना की गुणवत्ता और प्रभावशीलता के उदाहरण बन रहे हैं।
यह अभियान जल संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण रोजगार सृजन में भी अहम भूमिका निभा रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक मनरेगा के तहत 62,947 परिवारों के 75,310 से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। योजना में जल संरक्षण से जुड़े कार्यों, जैसे तालाबों का निर्माण, गहरीकरण और जीर्णोद्धार को 65 प्रतिशत से अधिक प्राथमिकता दी गई है।
तालाबों के पुनर्जीवन से भूजल स्तर में सुधार के संकेत मिल रहे हैं और किसानों को सिंचाई, मत्स्य पालन तथा पशुपालन जैसी गतिविधियों में लाभ मिल रहा है। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स के नेतृत्व में प्रशासन अवैध कब्जे वाले तालाबों की पहचान कर उन्हें कब्जा-मुक्त कराने की भी तैयारी कर रहा है, जिससे जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन को और मजबूती मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित