अमृतसर , मार्च 06 -- पंजाब में अमृतसर पुलिस ने सीमा पार से अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस नेएक किशोर सहित छह व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से पांच अत्याधुनिक पिस्तौल और एक तेज धार वाला हथियार बरामद किया है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार किये गये आरोपियों की पहचान रोहित कुमार (18, मकबूलपुरा, अमृतसर), करणबीर सिंह उर्फ अजय (24, गांव काले, तरनतारन), जशनदीप सिंह उर्फ ज्ञानी (18), ओंकार सिंह उर्फ वंश (21) और आकाशदीप सिंह (24) (तीनों निवासी गांव माड़ी मेघा, तरनतारन) और एक 16 वर्षीय किशोर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक .30 बोर पिस्तौल, एक 9एमएम ग्लॉक, एक .30 बोर पीएक्स5, एक 9एमएम टॉरस और एक 9एमएम ग्रेटा (पाकिस्तान निर्मित) पिस्तौल के साथ 34 कारतूस बरामद किये हैं।

श्री यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे और ड्रोन के जरिए सीमा पार से हथियारों की खेप प्राप्त कर रहे थे। उन्होंने बताया कि ये आरोपी अपने हैंडलर के निर्देश पर हथियारों की खेप का समन्वय कर रहे थे और उन्हें अलग-अलग क्षेत्रों में वितरित कर रहे थे। इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आगे की जांच की जा रही है।

अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान पुलिस टीमों ने रोहित कुमार और एक किशोर को पकड़ा, जिनके पास से एक पिस्तौल और तेज धार वाला हथियार मिला।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि यह हथियार उन्हें करणबीर उर्फ अजय ने दिया था, जिसे पुलिस ने तुरंत गिरफ्तार कर लिया। करणबीर से पूछताछ के बाद हथियार आपूर्तिकर्ताओं, ओंकार सिंह उर्फ वंश, आकाशदीप सिंह और जशनदीप उर्फ ज्ञानी को भी गिरफ्तार किया गया, जिससे चार और पिस्तौलें बरामद हुईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित