अमृतसर , फरवरी 4 -- पंजाब में अमृतसर काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) ने बुधवार को सीमा पार ड्रग तस्करी के एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए इसके चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से पांच किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान सुखचैन सिंह उर्फ मणि, नवदीप सिंह, सुखपाल सिंह और आकाशदीप सिंह के रूप में हुई है, ये सभी अमृतसर के दाओके गांव के निवासी हैं। पुलिस ने हेरोइन की खेप बरामद करने के अलावा, खेप के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही उनकी दो मोटरसाइकिलें भी जब्त कर ली हैं।

डीजीपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी व्यक्ति पाकिस्तान स्थित तस्कर से सीधे तौर पर जुड़े हुए थे, जो उनके गांव दाओके के आसपास की सीमा से ड्रोन का उपयोग करके हेरोइन की खेप का परिवहन कर राज्य में अन्य पार्टियों को आपूर्ति कर रहा था। उन्होने बताया कि अमृतसर के सीआई को विशेष सूचना मिली थी कि आरोपी सुखचैन सिंह उर्फ मणि अपने साथियों की मदद से राज्य में ड्रग तस्करी का गिरोह चला रहा है। उन्होंने हाल ही में ड्रोन की मदद से पाकिस्तान से हेरोइन की एक बड़ी खेप मंगवाई है, जिसे वे अमृतसर के सदा पिंड स्थित काला घनुपुर गांव के पास अन्य लोगों को पहुंचाने वाले थे। उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अमृतसर के सदा पिंड के पास बाईपास रोड पर नाका लगाया और चारों संदिग्धों को रोककर उनके पास से हेरोइन की खेप बरामद की।

डीजीपी ने कहा कि नेटवर्क के संपर्कों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित