अमृतसर , मार्च 09 -- पंजाब में अमृतसर काउंटर इंटेलिजेंस ने सोमवार को एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से नौ किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान अमृतसर के गांव गिलन वाली निवासी रणजीत सिंह उर्फ राणा के रूप में हुई है। नशीला पदार्थ बरामद करने के अलावा, पुलिस टीमों ने उसकी हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है, जिसका इस्तेमाल वह ड्रग्स की खेप पहुंचाने के लिए करता था।

श्री यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी पाकिस्तान स्थित एक तस्कर के संपर्क में था और अपने अन्य साथियों की मदद से वह अमृतसर के गांव घोनेवाला के इलाके से ड्रोनों के जरिए सीमा पार से भेजी गयी हेरोइन की खेप इकट्ठा करता था।

ऑपरेशनल विवरण साझा करते हुए श्री यादव ने बताया कि एक विश्वसनीय सूचना पर कि संदिग्ध रणजीत को हेरोइन की एक खेप मिली है और वह इसे अमृतसर-रामदास रोड के पास अड्डा गांव अनियतपुरा के आसपास किसी अन्य पार्टी को सौंपने वाला है, पुलिस टीमों ने इस स्थान के आसपास नाके लगाये और उसे नौ किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि इस ड्रग तस्करी नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक स्थापित करने के लिए आगे की जांच की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

इस संबंध में, पुलिस थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत एफआईआर दर्ज की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित