अमृतसर , फरवरी 23 -- पंजाब को नशामुक्त राज्य बनाने के चल रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए, काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने सोमवार को एक ड्रग तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन गुर्गों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह किलोग्राम हेरोइन और छह किलोग्रसम 'आइस' (क्रिस्टल मेथाम्फेटामाइन) बरामद की है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान प्रताप सिंह निवासी गांव सुरसिंह वाला, फिरोजपुर, अजयपाल सिंह निवासीगांव कोहाला, अमृतसर, और जोबनदीप सिंह निवासी गांव खियाला कलां, अमृतसर के तौर पर हुई है। नशीले पदार्थों की खेप बरामद करने के अलावा, पुलिस टीमों ने उनकी एक मोटरसाइकिल और एक्टिवा भी जब्त कर ली है, जिनका उपयोग खेप पहुंचाने के लिए किया जा रहा था।

श्री यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी प्रताप सिंह और अजयपाल सिंह पाकिस्तान स्थित एक तस्कर के सीधे संपर्क में थे। वे अमृतसर के गांव अटलगढ़ और रतन के बाड़ वाले क्षेत्रों से ड्रोन की मदद से सीमा पार से तस्करी कर लायी गयी खेप एकत्र कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आरोपियों को इन नशीले पदार्थों को राज्य के अन्य हिस्सों में सप्लाई करने का काम सौंपा गया था।

ऑपरेशन के विवरण साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सीआई अमृतसर को विशेष इनपुट मिला था कि प्रताप सिंह और अजयपाल सिंह ने हाल ही में ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थों की एक बड़ी खेप प्राप्त की है और वे इसे गांव पाधरी में वाटर टैंक श्मशान घाट के पास अपने साथी जोबनदीप सिंह को देने जा रहे हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए, सीआई अमृतसर की एक पुलिस टीम ने उस स्थान पर छापा मारा और छह किलोग्राम हेरोइन और छह किलोग्राम 'आइस' के साथ तीनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए आगे की जांच जारी है और अधिक गिरफ्तारियां होने की संभावना है। इस संबंध में, स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) अमृतसर के पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22, 25 और 29 के तहत एफआईआर दर्ज की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित