अमृतसर , मार्च 19 -- पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से होने वाली अवैध हथियारों की तस्करी के मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक किशोर सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सात अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद किये हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार किये गये व्यक्तियों की पहचान अमृतसर के गांव बुर्ज निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (27), बटाला के सुंदर नगर निवासी मनीष कुमार उर्फ जेरी (24), अमृतसर के गांव चूचकवाल निवासी सरूप सिंह उर्फ रूप (27), अमृतसर के गांव फतेहपुर राजपूतां निवासी चमकौर सिंह (20) और तरनतारन के भिखीविंड निवासी वंश शर्मा (23) के रूप में हुई है। बरामद घातक हथियारों में पांच ग्लॉक पिस्तौल और दो .30 बोर की पिस्तौल शामिल हैं।
श्री यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी पुर्तगाल से काम कर रहे एक विदेशी हैंडलर के संपर्क में थे, जो ड्रोन के माध्यम से पाकिस्तान से अवैध हथियारों की तस्करी की सुविधा प्रदान कर रहा था। उन्होंने बताया कि आरोपी इन खेपों को प्राप्त करते थे और आगे आपराधिक तत्वों को आपूर्ति करते थे। उन्होंने कहा कि इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए मामले में 'फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज' स्थापित करने हेतु आगे की जांच जारी है।
ऑपरेशन का विवरण साझा करते हुए अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने एक योजनाबद्ध अभियान चलाया, जिसके तहत गुरप्रीत उर्फ गोपी और एक किशोर को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से दो ग्लॉक पिस्तौल बरामद की गईं। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान हुए खुलासे के बाद उनके साथियों मनीष उर्फ जेरी, सरूप उर्फ रूप और चमकौर सिंह को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से तीन और ग्लॉक पिस्तौल बरामद की गयीं। इसके बाद, आरोपी चमकौर सिंह की निशानदेही पर वंश शर्मा को भी दो .30 बोर पिस्तौल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि आरोपी मनीष उर्फ जेरी पिछले साल बटाला में पुलिस अधिकारियों पर हुई फायरिंग की घटना में शामिल था और उस मामले में फरार चल रहा था। इसी तरह, आरोपी सरूप उर्फ रूप का भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और चोरी के कई मामले दर्ज हैं। इस संबंध में अमृतसर के थाना छावनी में आर्म्स एक्ट की धारा 25(6), 25(7)(i) और 25(8) के तहत एफआईआर दर्ज की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित