अमृतसर , फरवरी 26 -- पंजाब सरकार के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग द्वारा अमृतसर के रणजीत एवेन्यू मैदान में 27 फरवरी से आयोजित होने वाले तीन दिवसीय 'रंगला पंजाब उत्सव' की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। इस उत्सव के माध्यम से पंजाब की सांस्कृतिक विरासत, जीवनशैली और खान-पान को विश्व स्तर पर बढ़ावा दिया जाएगा।
जिला उपायुक्त दलविंदरजीत सिंह ने गुरुवार को बताया कि पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत को समर्पित यह उत्सव 27 फरवरी को दोपहर 12 बजे शुरू होगा और एक मार्च 2026 तक चलेगा। उत्सव में एक खूबसूरत 'क्राफ्ट बाजार' सजाया गया है जहां पारंपरिक पंजाबी सामान उपलब्ध होगा। इसके अलावा, फूड कोर्ट में विभिन्न व्यंजनों के 30 स्टाल लगाये गये हैं। बच्चों के लिए विशेष झूले लगाये गये हैं। साथ ही, विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा स्टाल लगाकर सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
जिला उपायुक्त ने बताया कि तीनों दिन शाम को पंजाब के नामी कलाकारों द्वारा गायकी और गिद्दा-भंगड़ा की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। पहले दिन विश्व प्रसिद्ध लोक गायक विरासत संधू, जसपिंदर नरूला और जैजी बी अपने खुले अखाड़े (लाइव परफॉर्मेंस) से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। दूसरे दिन गायिका मीत कौर, कौर बी और कुलविंदर बिल्ला अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। तीसरे और अंतिम दिन गायक हरजीत हरमन, बानी संधू और मनमोहन वारिस अपनी गायकी के जरिए उत्सव में रंग जमाएंगे। उन्होंने कहा कि उत्सव में आम लोगों के लिए प्रवेश बिल्कुल निशुल्क है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित