चंडीगढ़ , फ़रवरी 26 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने गुरुवार को कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 14 मार्च को मोगा में पार्टी की 'बदलाव रैली' को संबोधित करेंगे।
श्री शर्मा ने गुरुवार को कहा कि हर तरह से त्रस्त पंजाब का हर वर्ग आम आदमी पार्टी को सत्ता से बेदखल कर बदलाव के रूप में भाजपा को एक विश्वसनीय विकल्प मान चुका है। उन्होंने कहा कि 16 मार्च 2026 को मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के चार वर्ष पूरे हो जाएंगे। उन्होंने कहा इन चार वर्षों में चुनावी गारंटियां और वादे पूरे करना तो दूर, आप सरकार पंजाब में कानून का राज भी सुनिश्चित नहीं कर पायी।
श्री शर्मा ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था बदहाल है और नशा एवं खनन माफिया के साथ भ्रष्टाचार बेलगाम है। स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था चरमराई हुई है, कर्मचारियों को वेतन-पेंशन समय पर नहीं मिल रहे हैं। मुफ्त योजनाओं का बकाया न मिलने से बिजली बोर्ड और पंजाब रोडवेज भारी घाटे में हैं और महीनों से वेतन तक नहीं दे पा रहे। बेअदबी के दोषियों को सजा नहीं मिली। उन्होंने कहा कि श्री मान ने हर फसल पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देने का वादा किया था, लेकिन पिछले चार वर्षों में केंद्र द्वारा गेहूं और धान के लिए भेजी जा रही एमएसपी में भी किसानों को कटौती झेलनी पड़ी। व्यापारी पंजाब सरकार के टैक्स उगाही आतंक से त्रस्त है । शहरों, कस्बों और गांवों को जाने वाली और उनके अंदर की सड़कों को नया तो क्या बनाना चार साल में खड्डे भी नहीं भर पायी आप सरकार।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बदहाल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित