अमरोहा , मार्च 29 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के धनौरा-फीना मार्ग पर डींगरा चौकी के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार राहुल चौहान (40) और अमर सिंह (40) की मौत हो गई, जबकि दीपक सिंह (35) घायल हो गया। तीनों बिजनौर जिले के निवासी थे और मंडी धनौरा जा रहे थे।
दूसरी घटना गजरौला कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-9 पर आईएमएस कॉलेज के पास हुई, जहां डंपर ने ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। सड़क पर बिखरी ईंटों के कारण बाइक फिसलने से गोविंद (30) की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका साथी खूबचंद घायल हो गया। हादसे में डंपर चालक गुड्डू भी घायल हुआ है। तीसरा हादसा बछरायूं थाना क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में अरशद (30) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दो युवक घायल हो गए। कार चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने तीनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार वाहन चालकों की तलाश की जा रही है। साथ ही यातायात व्यवस्था बहाल कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित