अमरोहा , मार्च 20 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में शुक्रवार को बेमौसम बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के गजाना-बागड़पुर गांव के पास खेत में काम के दौरान सुबह करीब 8:30 बजे बिजली गिरने से चार मजदूर झुलस गए। इनमें बिहार निवासी नरेश (32) और स्थानीय निवासी धर्मेंद्र सिंह उर्फ कलुआ (46) की मौके पर ही मौत हो गई। घायल जयवीर सिंह और भूरे खां को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा मृतकों के परिजनों को सूचना दी गई है।
इस बीच, मंडी धनौरा क्षेत्र में बारिश के कारण नाला ओवरफ्लो होने से कलाली रोड पर जलभराव हो गया, जिससे कई गांवों का संपर्क बाधित हो गया। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों पर काम करते समय सावधानी बरतने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित