अमरोहा , मार्च 24 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में नाबालिग बच्चे के साथ दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि बछरायूं थाना क्षेत्र में 19 मार्च को हुई घटना के संबंध में पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण में पाक्सो एक्ट समेत अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
थाना प्रभारी कुलदीप तोमर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने आरोपियों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नन्हे उर्फ नन्नू तथा मोहम्मद शादाब (23 वर्ष), निवासी मोहल्ला घास मंडी, थाना बछरायूं के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को संबंधित अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि इस तरह के गंभीर अपराधों के प्रति शून्य सहिष्णुता (जीरो टॉलरेंस) की नीति अपनाई जा रही है। साथ ही पीड़ित बच्चे की सुरक्षा और परामर्श के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित