अमरोहा , अप्रैल 7 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में रसोई गैस की किल्लत से परेशान उपभोक्ताओं ने मंगलवार को मंडी धनौरा में बदायूं-बिल्सी स्टेट हाईवे-51 पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। साप्ताहिक बाजार के दिन गैस सिलेंडर वितरण में गड़बड़ी से नाराज सैकड़ों उपभोक्ता, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं, हाईवे पर एकत्र हो गए और जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने लंबे समय से सिलेंडर न मिलने पर नाराजगी जताई।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि उन्होंने कई दिन पहले ऑनलाइन भुगतान कर दिया, लेकिन इसके बावजूद सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की गई। उन्होंने कहा कि बछरायूं और मंडी धनौरा स्थित गैस एजेंसियों पर बार-बार चक्कर लगाने के बावजूद केवल आश्वासन दिया जा रहा है। इस संबंध में आपूर्ति निरीक्षक से शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।

प्रदर्शन के दौरान उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी प्रबंधन और आपूर्ति विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरकार से हस्तक्षेप की मांग की। जाम के कारण व्यस्त हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना पर पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया। अधिकारियों द्वारा शीघ्र गैस आपूर्ति बहाल करने के आश्वासन के बाद करीब आधे घंटे में जाम समाप्त कराया गया।

आपूर्ति निरीक्षक अमित श्रीवास्तव ने बताया कि आपूर्ति बाधित होने के कारण सिलेंडर की कमी हुई है और जल्द ही स्थिति सामान्य कर दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित