अमरोहा , अप्रैल 07 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में खाद की भारी कमी को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को मंडी धनौरा की महादेव चुंगी पर गुस्साए ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे-51 जाम कर दिया। समिति पर खाद न देने का आरोप लगाते हुए उन्होंने जमकर नारेबाजी की, जिससे हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

किसानों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से सहकारी समिति के चक्कर लगाने के बाद भी उन्हें खाद नहीं मिल रहा है। हर रोज़ सुबह से लाइन में लगने के बावजूद वे शाम को खाली हाथ लौट रहे हैं। इससे फसलों की बुवाई व देखभाल बुरी तरह प्रभावित हो रही है।गुस्साए किसानों ने सड़क पर बैठकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और आवागमन रोक दिया।

गौरतलब है कि मंगलवार को स्टेट हाईवे-51 पर साप्ताहिक बाज़ार लगता है, दूरदराज इलाकों से काफ़ी तादाद में ग्रामीण खरीददारी करने मंडी धनौरा बाज़ार में आए हुए थे ऐसे में जाम लगने से वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गईं जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित