अमरोहा , फरवरी 15 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा में शनिवार देर रात कांवड़ यात्रियों पर कथित पथराव की घटना के बाद तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 25 अज्ञात समेत अन्य की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छेबड़ा बाईपास स्थित शिव मंदिर के समीप शनिवार रात भंडारा और डीजे पर भजन कार्यक्रम चल रहा था। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटे कांवड़ यात्री रविवार को जलाभिषेक की तैयारी में थे। आरोप है कि मंदिर से कुछ दूरी पर जन्मदिन मना रहे कुछ युवकों और कांवड़ियों के बीच वीडियो बनाने को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते बढ़ गया।

बताया गया है कि कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और पथराव शुरू हो गया। सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि पथराव जारी रहा। इस दौरान बीच-बचाव कर रहे सिपाही शोएब रज़ा खान के सिर में पत्थर लगने से वह घायल हो गए। कांवड़िया चंद्रशेखर समेत चार अन्य लोग भी घायल बताए गए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

हंगामे के बाद शिवभक्तों ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। अभिषेक सैनी की तहरीर पर थाना अमरोहा नगर में इमरान, मुकीम, यूनुस अली, मोहम्मद जाहिद और 25 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इमरान, बटवाल उर्फ शानू और मोहम्मद अदनान को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित