अमरोहा , फरवरी 20 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मेटा कंपनी के अलर्ट से 22 वर्षीय एक युवक की जान बचा ली गई, जो बेरोजगारी से परेशान होकर आत्मघाती कदम उठाने जा रहा था। घटना 19 फरवरी 2026 को थाना रजबपुर क्षेत्र के एक गांव की है। युवक ने इंस्टाग्राम पर कीटनाशक की बोतल हाथ में लेकर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उसने लिखा था, "लास्ट डे ज़िन्दगी का, सब हैप्पी रहो।" मेटा के सिस्टम ने इसे आत्महत्या से संबंधित आशंका मानते हुए सुबह 10:14 बजे पुलिस मुख्यालय के सोशल मीडिया सेंटर को ई-मेल अलर्ट भेजा।
पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर मुख्यालय ने युवक के मोबाइल नंबर के आधार पर लोकेशन ट्रेस कर अमरोहा पुलिस को सूचना दी। थाना रजबपुर की महिला उपनिरीक्षक अपनी टीम के साथ मात्र 10 मिनट में युवक के घर पहुंच गईं। कमरे में युवक गले पर दबाव डाल रहा था और पास में कीटनाशक की बोतल रखी थी। पुलिस ने परिजनों की सहायता से तत्काल प्राथमिक उपचार कराया और उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के बाद वह खतरे से बाहर हो गया।
युवक ने बताया कि बीएससी की पढ़ाई पूरी करने के बाद उसने कई स्थानों पर नौकरी के लिए आवेदन किया, लेकिन सफलता न मिलने से वह मानसिक तनाव और अवसाद में चला गया था। बेरोजगारी के कारण वह परिवार पर निर्भर था, जिससे वह निराश हो गया। पुलिस द्वारा काउंसलिंग किए जाने के बाद युवक ने भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का आश्वासन दिया। परिजनों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की।
पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश पुलिस और मेटा के बीच 2022 से चल रही समन्वित व्यवस्था के तहत 1 जनवरी 2023 से 15 फरवरी 2026 तक 2106 लोगों की जान बचाई जा चुकी है। यह घटना सोशल मीडिया के माध्यम से समय पर हस्तक्षेप कर जीवन बचाने का महत्वपूर्ण उदाहरण मानी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित