नोएडा , अप्रैल 10 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 39 स्थित जिला अस्पताल में श्री अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष स्वास्थ्य जांच व्यवस्था की गई है।
अस्पताल के कक्ष संख्या 17 को विशेष रूप से अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु आरक्षित किया गया है।
चिकित्सा अधिकारी द्वारा शुक्रवार को इस संबंध जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि यह जांच प्रतिदिन कार्य दिवसों में प्रातः साढ़े आठ बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक की जाएगी, ताकि यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु समय से अपनी स्वास्थ्य जांच करवा सकें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित कर सकें।
इसी बीच जिला अस्पताल की ओपीडी में भारी संख्या में मरीजों का उपचार किया गया। अस्पताल प्रशासन द्वारा ओपीडी में तीन हजार दो सौ बासठ मरीज देखे गए। जिसमें आभा स्कैन द्वारा दो हजार दो सौ साठ से अधिक मरीज देखे गए।
अस्पताल में बढ़ती मरीज संख्या के बावजूद स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है। अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर की गई यह विशेष व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी साबित होगी, जिससे वे सुरक्षित और स्वस्थ यात्रा कर सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित