लखनऊ , फरवरी 5 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना ने एक बार फिर अपनी सार्थकता सिद्ध की है। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्रों से मार्गदर्शन प्राप्त कर रहे 77 अभ्यर्थियों ने उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (यूपीपीसीएस) 2024 की मुख्य परीक्षा में सफलता अर्जित की है।

यह सफलता योगी सरकार की उस नीति को दर्शाती है, जिसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभावान युवाओं को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण प्रतियोगी परीक्षा तैयारी का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। अभ्युदय योजना प्रदेश के युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंच दिलाने में मील का पत्थर साबित हो रही है।

समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'सबका साथ-सबका विकास' के विजन को साकार कर रही है। यह योजना सुनिश्चित करती है कि किसी भी प्रतिभाशाली युवा की सफलता आर्थिक संसाधनों के अभाव में बाधित न हो।

समाज कल्याण विभाग के उप निदेशक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि भागीदारी भवन, लखनऊ स्थित कोचिंग केंद्र से 40, अलीगंज स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र से 20 तथा हापुड़ स्थित राजकीय आईएएस/पीसीएस कोचिंग केंद्र से 17 अभ्यर्थी यूपीपीसीएस-2024 की मुख्य परीक्षा में सफल हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित