नयी दिल्ली , मार्च 09 -- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं जाने-माने अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी और तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी पश्चिम बंगाल के मंत्री बाबुल सुप्रियो समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के कई नेता सोमवार को राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुए।

प्राप्त रिपोर्टों के मुताबिक तेलंगाना में कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी और वी. नरेंद्र रेड्डी राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुए। पश्चिम बंगाल से तृणमूल कांग्रेस के चार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक उम्मीदवार बिना किसी मुकाबले के राज्यसभा के लिए चुन लिए गए। इनमें तृणमूल कांग्रेस के श्री बाबुल सुप्रियो, मशहूर वकील मेनका गुरुस्वामी, राज्य के पूर्व पुलिस प्रमुख राजीव कुमार और अभिनेत्री कोयल मलिक शामिल हैं। वहीं पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राहुल सिन्हा भी बिना किसी मुकाबले के चुने गए।

तमिलनाडु से द्रविड़ मुन्नेष कषगम (द्रमुक) के तिरुचि शिवा और जे. कॉन्स्टेंटाइन रविंद्रन, अन्ना द्रमुक के एम. थंबी दुरई, पीएमके के अंबुमणि रामदास, कांग्रेस के क्रिस्टोफर मणिकम और देसिया मुरपोक्कु द्रविड़ कषगम (डीएमडीके) के एलके सुधीश राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।

छत्तीसगढ़ की भाजपा नेता लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस उम्मीदवार फूलो देवी नेताम राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुई हैं। हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस के अनुराग शर्मा निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुए हैं।

इससे पहले गत पांच मार्च को दस राज्यों से राज्यसभा की 37 सीटों के लिए निर्दलीयों समेत 39 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित