हरदोई , अप्रैल 28 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक महिला अभिभावक के साथ अभद्रता और जातिसूचक टिप्पणी के मामले में पुलिस ने स्कूल की प्रधानाचार्या और प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही बेसिक शिक्षा विभाग ने विद्यालय की मान्यता निरस्तीकरण के लिए नोटिस जारी किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के कैनाल रोड स्थित सनबीम स्कूल में 24 अप्रैल को सिविल लाइंस क्षेत्र निवासी नीलम वर्मा अपनी बेटी अलीशा के भविष्य को लेकर स्कूल पहुंची थीं। आरोप है कि कॉपियों की खरीद के नाम पर उन पर आर्थिक दबाव बनाया गया। जब उन्होंने कुछ दिन की मोहलत मांगी तो स्कूल प्रबंधन ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और कथित रूप से जातिसूचक टिप्पणियां भी कीं।

इस घटना का वीडियो 26 अप्रैल को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया और प्रशासन हरकत में आया। पीड़िता की तहरीर पर शहर कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 352 तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं के तहत स्कूल की प्रधानाचार्या और प्रबंधक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अजीत सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की और स्वयं टीम के साथ स्कूल पहुंचकर जांच कराई। जांच के दौरान घटना के साथ-साथ विद्यालय के संचालन और भवन संबंधी मानकों की भी समीक्षा की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित